जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव
जिले के प्रभारी सचिव ने कोंडागांव में शिक्षा व्यवस्था, एसआईआर एवं बिहान गतिविधियों का किया निरीक्षण

कोंडागांव, 16 जनवरी 2026 जिले के प्रभारी सचिव भीम सिंह शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर कोंडागांव पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने जिले की शिक्षा व्यवस्था तथा जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं बिहान समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रभारी सचिव श्री सिंह ने कनेरा रोड स्थित पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, कोंडागांव का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने विद्यालय की लाइब्रेरी का अवलोकन किया और बच्चों से बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश विद्यालय के प्राचार्य को दिए। साथ ही उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया।इसके पश्चात प्रभारी सचिव श्री सिंह ने उड़ान स्थित बिहान समूह द्वारा संचालित मोर सुवाद रेस्टोरेंट का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा की। समूह की महिलाओं ने बताया कि इस पहल से समूह की आमदनी बढ़ी है। श्री सिंह ने बिहान समूह द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी चखा और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।श्री सिंह ने जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही एएइआरओ से वेरिफिकेशन दस्तावेजों की जानकारी ली। दौरे के क्रम में प्रभारी सचिव श्री सिंह ने गांधी वार्ड स्थित पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कक्षा 9वीं के छात्रों से बातचीत की। उन्होंने लाइब्रेरी में बच्चों की रुचि और आवश्यकता के अनुरूप पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश प्राचार्य को दिए। बातचीत के दौरान छात्रों ने खेल सामग्री और खेल मैदान की कमी की जानकारी दी। साथ ही श्री सिंह ने शौचालय एवं बाथरूम की साफ-सफाई के संबंध में भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर तथा डीएमसी इमल बघेल उपस्थित रहे।



