जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव
कलेक्टर ने हॉस्टल अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली छात्रावासों में बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें

कोण्डागांव, 14 जनवरी 2026 कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी आश्रम छात्रावासों के अधीक्षकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने छात्रावासों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की और उन्हें सुव्यवस्थित रखने एवं साफ-सफाई सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया, जिससे बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध हो सके। साथ ही बच्चों को नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर परिसर को सुसज्जित करें, जिससे बच्चों को परिसर से लगाव हो। साथ ही कबाड़ से जुगाड़ के तहत विभिन्न कलाकृतियों के निर्माण के लिए प्रेरित करें, जिससे उन्हें सीखने का भी अवसर मिल सके। कलेक्टर ने बैठक में अधीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों को मेन्यूचार्ट के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी छात्रावासों में उपलब्ध कम्प्यूटर के क्रियाशील होने के साथ इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराते हुए बच्चों के द्वारा समुचित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। प्रतियोगिता परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए जिले की वेबसाईट एवं व्यापम सहित अन्य वेबसाईट की सूची कम्प्यूटर कक्ष में चस्पा करने के निर्देश दिए। बच्चों के पढ़ाई के लिए छोटा लाइब्रेरी बनाने के भी निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास परिसर में अनिवार्य रूप से बागवानी और किचन गार्डन विकसित करने को कहा।10 बिंदुओं पर होगा छात्रावास का मूल्यांकनछात्रवास अधीक्षकों के द्वारा छात्रावास में किये जा रहे नवाचारी प्रयासों का 10 बिंदुओं के आधार पर मूल्यांकन होगा। जिसके आधार पर छात्रावास में उत्कृष्ट गतिविधिओं की वरीयता निर्धारित की जाएगी। ये 10 बिंदु है, छात्रावास का प्रवेश स्थल, बागवानी, बरामदा, कक्ष सज्जा, कंप्यूटर कक्ष, व्यवस्थित भोजन कक्ष, कबाड़ से जुगाड़, पंजियों का संधारण, बच्चों का परिचय और अधीक्षकों की उपस्थिति।कलेक्टर ने छात्रावासों में सुरक्षा की दृष्टि से केवल अधिकृत व्यक्तियों के अलावा बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लगाने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग श्री कृपेन्द्र तिवारी सहित मण्डल संयोजक एवं अधीक्षकगण उपस्थित रहे।



