जुनैद पारेख की रिपोर्ट जिला कोंडागांव
केशकाल पटवारी पर अवैध वसूली का आरोप, ₹5 हजार लेकर भी काम नहीं किया

फोटो पटवारी अवनीश नाग
केशकाल | जिला कोंडागांव
केशकाल तहसील अंतर्गत हल्का पटवारी क्रमांक 17 (पटवारी अवनीश नाग) पर भूमि नापी एवं पट्टा निर्माण के नाम पर अवैध रूप से राशि वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़िता मेहरून्न बानो, निवासी केशकाल ने तहसीलदार केशकाल को लिखित शिकायत सौंपते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार मेहरून्न बानो द्वारा अपने खसरा नंबर 26/139 की भूमि नापी एवं पट्टा निर्माण हेतु हल्का पटवारी से संपर्क किया गया था। आरोप है कि पटवारी द्वारा उक्त कार्य के लिए ₹10,000 की मांग की गई, जिसमें से ₹5,000 की राशि पहले ही ले ली गई।
पीड़िता का कहना है कि बाद में उन्हें स्थानीय लोगों एवं अन्य स्रोतों से जानकारी मिली कि भूमि नापी एवं पट्टा निर्माण के लिए किसी भी प्रकार की राशि लेना नियमों के विरुद्ध एवं अवैध है। जब इस विषय में पटवारी से दोबारा बात की गई, तो उन्होंने न केवल पैसे वापस करने से इंकार किया, बल्कि कथित रूप से गलत जानकारी देकर टालमटोल भी की।
पीड़िता ने तहसीलदार गणेश सिरदार से मांग की है कि संबंधित पटवारी अवनीश नाग के विरुद्ध नियम अनुसार जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, अवैध रूप से ली गई ₹5,000 की राशि वापस दिलाई जाए तथा भूमि नापी व पट्टा निर्माण की प्रक्रिया शासन के नियमानुसार बिना किसी अवैध मांग के पूरी कराई जाए।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है।


