जनदर्शन में त्वरित राहत – लगनी बाई को मिला राशन कार्ड

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में एक सराहनीय उदाहरण सामने आया।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक के उपरांत कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान केशकाल विकासखंड के ग्राम गौरगांव निवासी श्रीमती लगनी बाई ने राशन कार्ड बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने उसी दिन आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर लगनी बाई को राशन कार्ड जारी कर प्रदान किया।
राशन कार्ड प्राप्त होने से अब लगनी बाई एवं उनका परिवार शासकीय योजनाओं के अंतर्गत नियमित राशन सामग्री सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने त्वरित सहायता के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भोई, खाद्य अधिकारी नवीनचंद श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


